×

उत्तरकाशी: लापता ट्रैकर बबीता की तलाश तेज, दयारा से डोडीताल तक बढ़ाया गया सर्च ऑपरेशन

उत्तरकाशी: लापता ट्रैकर बबीता की तलाश तेज, दयारा से डोडीताल तक बढ़ाया गया सर्च ऑपरेशन

उत्तरकाशी: दयारा बुग्याल ट्रेक क्षेत्र में पिछले नौ दिनों से लापता महिला ट्रैकर बबीता पांडे की तलाश लगातार जारी है। खोज अभियान का दायरा अब दयारा बुग्याल से बढ़ाकर डोडीताल ट्रैक क्षेत्र तक विस्तारित कर दिया गया है। रविवार को हेलीकॉप्टर की मदद से पूरे क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण भी किया गया।

रामनगर निवासी बबीता पांडे अपने दो साथियों के साथ दयारा बुग्याल ट्रैक पर घूमने आई थीं। इसी दौरान गोई क्षेत्र में वह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गईं। घटना के बाद से पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम), राजस्व विभाग और वन विभाग की संयुक्त टीमें लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई हैं।

अब तक दयारा बुग्याल और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर खोज अभियान चलाया जा चुका है, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। इसके चलते एसडीआरएफ ने सर्च ऑपरेशन का दायरा बढ़ाकर डोडीताल ट्रैक क्षेत्र में भी तलाश शुरू कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि बबीता किसी अन्य ट्रेकिंग मार्ग की ओर भटक गई हों।

रविवार को विशेष अभियान के तहत हेलीकॉप्टर से दयारा ट्रेक, आसपास के जंगलों और दुर्गम इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया गया। वहीं जमीनी स्तर पर टीमें जंगलों, गहरी खाइयों, गदेरों, चट्टानों के बीच बने उड्यारों, झाड़ियों और अन्य संभावित स्थानों में सघन तलाशी अभियान चला रही हैं।

पूरे अभियान की निगरानी एसपी कमलेश उपाध्याय कर रहे हैं, जबकि सीओ जनक सिंह पंवार घटना की सूचना मिलने के बाद से ही दयारा ट्रेक क्षेत्र में कैंप कर अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं। प्रशासन को उम्मीद है कि विस्तारित खोज अभियान से जल्द ही कोई महत्वपूर्ण सुराग मिल सकता है।

Post Comment