×

मानसून की पहली बारिश में धंसी दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की सड़क, कई वाहन क्षतिग्रस्त

मानसून की पहली बारिश में धंसी दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की सड़क, कई वाहन क्षतिग्रस्त

देहरादून। मानसून की पहली तेज बारिश ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बारिश के दौरान एक्सप्रेसवे का एक हिस्सा धंस गया, जिससे कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। कुछ वाहनों के रिम तक टूट गए और कई वाहन सड़क में बने गड्ढों में फंस गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

जानकारी के अनुसार, सड़क धंसने की घटना शामली जिले के हाथी करौंदा गांव के पास हुई। बुधवार शाम हुई तेज बारिश के दौरान सड़क का हिस्सा अचानक धंस गया, जिससे वहां से गुजर रहे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना के बाद लोगों ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई।

राहगीरों द्वारा बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किए गए। वीडियो वायरल होने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने मौके पर पहुंचकर सड़क की मरम्मत कराई। एनएचएआई के परियोजना निदेशक सौरभ सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो बागपत यूनिट के अंतर्गत आने वाले हिस्से का है।

इस घटना के बाद दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर देशभर में टॉप ट्रेंडिंग विषयों में शामिल रहा। आम लोगों के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक दलों ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सड़क निर्माण की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाए।

गौरतलब है कि इससे पहले भी एक्सप्रेसवे के देहरादून क्षेत्र में निर्माण संबंधी कुछ खामियां सामने आ चुकी हैं। पहली ही मानसूनी बारिश में सड़क धंसने की घटना ने परियोजना की गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

Post Comment