×

धनगढ़ी पुल के बाद पन्याली नाले पर स्थायी पुल की मांग तेज, हर मानसून में बाधित होता है एनएच-309

धनगढ़ी पुल के बाद पन्याली नाले पर स्थायी पुल की मांग तेज, हर मानसून में बाधित होता है एनएच-309

अल्मोड़ा, 6 जुलाई। धनगढ़ी नाले पर नए पुल के उद्घाटन के बाद अब सल्ट विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने मोहान–मरचूला राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-309) पर स्थित पन्याली नाले पर स्थायी पुल बनाने की मांग तेज कर दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि धनगढ़ी पुल बनने से वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो गया है, लेकिन पन्याली नाला अब भी हर मानसून में लोगों के लिए बड़ी परेशानी बना रहता है। बारिश के दौरान नाले में जलस्तर बढ़ने से कई घंटों तक यातायात पूरी तरह ठप हो जाता है।

इसका असर सल्ट, धुमाकोट, मैठाणाघाट, बीरोंखाल, बैजरो, थलीसैंण, पौड़ी और गढ़वाल-कुमाऊं के बीच आवागमन करने वाले सैकड़ों वाहनों, पर्यटकों और एंबुलेंस सेवाओं पर पड़ता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि धनगढ़ी पहुंचने से पहले पन्याली नाले को पार करना सबसे कठिन और जोखिम भरा पड़ाव बन जाता है।

क्षेत्रवासियों ने सरकार और संबंधित विभाग से मांग की है कि मानसून के दौरान होने वाली इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए पन्याली नाले पर जल्द से जल्द मजबूत पुल का निर्माण कराया जाए।

Post Comment