जाखन नदी में बह रही 12 वर्षीय बालिका की फौजी और युवकों ने बचाई जान
डोईवाला (देहरादून): देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में मंगलवार को जाखन नदी में एक बड़ा हादसा टल गया। तेज बहाव में बह रही 12 वर्षीय बालिका को छुट्टी पर आए एक फौजी और तीन युवकों ने अपनी जान जोखिम में डालकर सुरक्षित बचा लिया।
जानकारी के अनुसार, बालिका अपने साथियों के साथ जाखन नदी का बढ़ा हुआ जलस्तर देखने गई थी। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बहने लगी। नदी में बहती बालिका को देखकर वहां मौजूद छुट्टी पर आए सैनिक अजय कुमार तथा आशुतोष, राहुल और तुषार ने बिना समय गंवाए नदी में छलांग लगा दी।
कड़ी मशक्कत के बाद चारों ने मिलकर बालिका को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी त्वरित सूझबूझ और साहस के कारण बालिका की जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद ग्राम प्रधान निशा देवी और प्रधान प्रतिनिधि मंगल सिंह ने सभी युवकों के साहसिक और मानवीय कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग समाज के लिए प्रेरणा हैं और संकट की घड़ी में उनका साहस दूसरों के लिए मिसाल बनता है।
स्थानीय ग्रामीणों ने भी फौजी और तीनों युवकों की बहादुरी की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



Post Comment