×

नवंबर के पहले पखवाड़े में शुरू होगा शुगर मिल का नया पेराई सत्र, तैयारियां तेज

नवंबर के पहले पखवाड़े में शुरू होगा शुगर मिल का नया पेराई सत्र, तैयारियां तेज

डोईवाला। शुगर मिल प्रशासन ने नए गन्ना पेराई सत्र की तैयारियां तेज कर दी हैं। मिल के विभिन्न विभागों में मरम्मत और रखरखाव का काम तेजी से चल रहा है। प्रशासन का लक्ष्य नवंबर के पहले पखवाड़े में गन्ना पेराई सत्र शुरू करने का है।

सोमवार को शुगर मिल के अधिशासी निदेशक अजयवीर सिंह ने पेराई सत्र की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मिल के सभी विभागों में मरम्मत कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। इंजीनियरिंग और मैकेनिकल कार्यों की निगरानी के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अजयवीर सिंह ने बताया कि पिछले पेराई सत्र में मिल को अपेक्षाकृत कम गन्ने की आपूर्ति हुई थी। इसकी भरपाई के लिए इस बार पहले से योजनाबद्ध तरीके से तैयारी की जा रही है। गन्ना क्रय केंद्रों को सुचारु रखने के साथ किसानों से ताजा गन्ना उठाकर समय पर मिल तक पहुंचाने की व्यवस्था बनाई जा रही है।

मिल प्रशासन इस बार गन्ना मूल्य का भुगतान समय पर करने के लिए अपने स्रोतों पर निर्भर रहने की योजना पर भी काम कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार, सभी व्यवस्थाओं को जल्द ही पूरी तरह दुरुस्त कर लिया जाएगा।

शुगर मिल इस पेराई सत्र में करीब 25 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई का लक्ष्य लेकर तैयारी कर रही है।

 

Post Comment