पुलिस ने दूरस्थ गांवों में लगाई चौपाल, ग्रामीणों को किया जागरूक
अल्मोड़ा: जिले में पुलिस-जनता संवाद और जागरूकता अभियान के तहत पुलिस ने सुदूर गांवों में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उन्हें विभिन्न कानूनों व सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।
एसएसपी चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर थानाध्यक्ष लमगड़ा प्रमोद पाठक ने मेरगांव और भांगादेवली में चौपाल आयोजित की। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस से संबंधित अपनी समस्याएं रखीं, जिनका मौके पर ही निस्तारण किया गया।
पुलिस ने ग्रामीणों को नए आपराधिक कानूनों भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बीएसए) के साथ-साथ महिला सुरक्षा और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन के संबंध में जागरूक किया।
चौपाल के दौरान पुलिस ने ग्रामीणों से नशे से दूर रहने की अपील भी की। नशे से संबंधित मामलों में मानस हेल्पलाइन 1933 और साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना देने की जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऐसे जनसंवाद कार्यक्रमों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ लोगों को कानून और सुरक्षा से जुड़े विषयों के प्रति जागरूक करना है।



Post Comment