×

भाजपा प्रभारी राम माधव का दो अक्तूबर से देहरादून दौरा, चुनावी तैयारियों पर होगी बैठक

भाजपा प्रभारी राम माधव का दो अक्तूबर से देहरादून दौरा, चुनावी तैयारियों पर होगी बैठक

देहरादून: भाजपा के नए प्रदेश प्रभारी राम माधव और सह-प्रभारी अरविंद मेनन व बांसुरी स्वराज दो अक्तूबर से दो दिवसीय देहरादून दौरे पर रहेंगे। अपने पहले प्रदेश दौरे के दौरान तीनों नेता संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा करेंगे।

दौरे की शुरुआत दो अक्तूबर को गांधी जयंती के कार्यक्रम में भागीदारी के साथ होगी। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों और सभी जिलाध्यक्षों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में जिलावार संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अनुसार, प्रभारी और सह-प्रभारी पहले प्रस्तावित कोर कमेटी की बैठक में शामिल नहीं हो सके थे, क्योंकि उनके पूर्व निर्धारित कार्यक्रम थे। अब उनका दौरा तय हो गया है।

दौरे के दूसरे दिन राम माधव, अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज पार्टी के सातों मोर्चों की प्रदेश टीमों के साथ बैठक करेंगे। इसमें मोर्चों की भूमिका और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों पर चर्चा होगी।

भाजपा के नए प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारियों का यह पहला उत्तराखंड दौरा होने के कारण इसे संगठनात्मक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Post Comment