×

भाजपा से इस्तीफे के बाद रामशरण नौटियाल का बयान, बोले- मंचों पर हुआ अपमान और संगठन में चल रहा ‘वन मैन शो’

भाजपा से इस्तीफे के बाद रामशरण नौटियाल का बयान, बोले- मंचों पर हुआ अपमान और संगठन में चल रहा ‘वन मैन शो’

भाजपा से इस्तीफा देने के बाद चकराता से पार्टी के पूर्व प्रत्याशी रहे रामशरण नौटियाल ने गुरुवार को मीडिया के सामने अपने इस्तीफे की वजह बताई। उन्होंने संगठन में अनुशासनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि सार्वजनिक मंचों पर उनका अपमान किया गया और पार्टी में ‘वन मैन शो’ चल रहा है।

नौटियाल ने बताया कि उन्होंने अपना इस्तीफा स्टेनो के माध्यम से पार्टी कार्यालय भेजा था। बाद में स्थिति स्पष्ट करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष को ई-मेल के जरिए भी आधिकारिक इस्तीफा भेज दिया।

सम्मान नहीं मिलने का लगाया आरोप

रामशरण नौटियाल ने कहा कि किसी भी समर्पित कार्यकर्ता के लिए सम्मान बेहद महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि पार्टी के कई वरिष्ठ और कनिष्ठ नेताओं से उन्हें स्नेह मिला, लेकिन सार्वजनिक मंचों पर उनके साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया।

उन्होंने कहा कि वह ठेके-पट्टे या किसी निजी लाभ के लिए राजनीति में नहीं आए थे। उनका उद्देश्य हमेशा अपने क्षेत्र की समस्याओं को उठाना और विकास के मुद्दों पर काम करना रहा है।

पार्टी के अंदर अनुशासन पर उठाए सवाल

नौटियाल ने कहा कि वह भाजपा में यह सोचकर आए थे कि पार्टी में मजबूत अनुशासन है, लेकिन उनके अनुभव इसके विपरीत रहे। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वानों का हमेशा समर्थन किया, लेकिन पार्टी के भीतर कुछ लोग एक ओर टिकट की मांग करते हैं और दूसरी ओर उनके बारे में अलग तरह की बातें करते हैं।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पार्टी के कुछ लोग अपने ही अनुसूचित जाति के मंत्री के खिलाफ सार्वजनिक विरोध और बयानबाजी करते हैं।

फिलहाल किसी दूसरी पार्टी में जाने का फैसला नहीं

रामशरण नौटियाल के कांग्रेस या उत्तराखंड क्रांति दल में शामिल होने की अटकलों के बीच उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल उन्होंने केवल भाजपा छोड़ी है और किसी अन्य राजनीतिक दल की सदस्यता नहीं ली है।

उन्होंने कहा कि वह अब स्वतंत्र व्यक्ति हैं और राजनीति में निजी स्वार्थ के लिए नहीं आए थे। भविष्य में उनकी राजनीतिक दिशा क्या होगी, इस पर विचार करने के बाद ही कोई अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

Previous post

एम्स नियुक्ति फर्जीवाड़ा: पुलिस ने आउटसोर्स एजेंसी के कार्यालय की ली तलाशी, मैनेजर की गिरफ्तारी संभव

Next post

सल्ट गैस सर्विस के टेंडर पर उठे सवाल, पुराने ठेकेदार को दोबारा जिम्मेदारी देने पर जांच की मांग

Post Comment