×

रुड़की में 40 राउंड से अधिक फायरिंग, नकली पनीर फैक्टरी सील, भाजपा के दिग्गज नेता जुटे

रुड़की में 40 राउंड से अधिक फायरिंग, नकली पनीर फैक्टरी सील, भाजपा के दिग्गज नेता जुटे

देहरादून। उत्तराखंड में बुधवार को कई बड़ी घटनाएं सामने आईं। रुड़की के नगला सालारू गांव में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग हुई, वहीं त्योहारी सीजन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी पनीर बनाने वाली फैक्टरी पर कार्रवाई की। उधर, हल्द्वानी में भाजपा के दो दिवसीय प्रदेश विधानसभा विस्तारक एवं प्रभारी वर्ग कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इसके अलावा यूट्यूबर अनुराग डोभाल के खिलाफ भी एक नया मुकदमा दर्ज किया गया।

1. रुड़की के नगला गांव में बवाल, 40 राउंड से अधिक फायरिंग की सूचना

रुड़की के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के नगला सालारू गांव में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद जमकर फायरिंग हुई। ग्रामीणों के बीच 40 राउंड से अधिक गोलियां चलने की सूचना है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और लोगों को तितर-बितर किया।

हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"

2. भाजपा के कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री धामी समेत कई दिग्गज

हल्द्वानी में भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय प्रदेश विधानसभा विस्तारक एवं प्रभारी वर्ग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्र नाथ शर्मा, प्रदेश प्रभारी राम माधव, राष्ट्रीय नेता अरविंद मेनन और सांसद बांसुरी स्वराज सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ

कार्यक्रम में संगठनात्मक गतिविधियों और विधानसभा स्तर पर पार्टी की तैयारियों से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।

3. त्योहारी सीजन से पहले मिलावटखोरों पर कार्रवाई, नकली पनीर फैक्टरी सील

नवरात्र और दीपावली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। रुड़की के लक्सर क्षेत्र स्थित सधीपुर गढ़ी में विभाग की टीम ने पनीर निर्माण इकाई पर छापा मारा।

कार्रवाई के दौरान करीब 10 कुंतल मिलावटी सामग्री नष्ट कराई गई। इसके साथ ही फैक्टरी को सील कर दिया गया और उसका खाद्य लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया।

4. यूट्यूबर अनुराग डोभाल के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अनुराग डोभाल उर्फ यूके-07 राइडर की मुश्किलें फिर बढ़ गई हैं। उनके और पांच-छह अन्य लोगों के खिलाफ देहरादून के रायपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

शिकायतकर्ता आयुष थपलियाल ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी और निजी डिजिटल डेटा चोरी किया। शिकायत में हथियार दिखाकर डराने, मोबाइल से निजी जानकारी हासिल करने और सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड करने के लिए दबाव बनाने के आरोप भी लगाए गए हैं। ये आरोप शिकायत पर आधारित हैं।

5. विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने थामा कांग्रेस का हाथ

उत्तराखंड में विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने नए सदस्यों का स्वागत किया।

6. हल्द्वानी में 14 वर्षीय किशोरी की मौत, पुलिस जांच में जुटी

लालकुआं कोतवाली क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी का शव मंगलवार देर रात फंदे से लटका मिला। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मोबाइल चलाने और रील बनाने को लेकर भाई द्वारा टोके जाने की बात सामने आई है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

7. गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर फिसलन, यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह

गौरीकुंड से केदारनाथ तक करीब 16 किलोमीटर लंबे पैदल मार्ग पर बारिश के बाद कई स्थानों पर स्थिति खराब हो गई है। विशेष रूप से छोटी लिंचोली से बड़ी लिंचोली के बीच मार्ग पर फिसलन बढ़ने से पैदल यात्रियों और घोड़े-खच्चरों की आवाजाही मुश्किल हो रही है।

Post Comment