×

उत्तराखंड राज्योत्सव में शामिल होने देहरादून पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह, जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर सीएम धामी ने किया स्वागत, परेड ग्राउंड में जनसभा और पुलिस लाइन में पुलिस कलर सम्मान समारोह

उत्तराखंड राज्योत्सव में शामिल होने देहरादून पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह, जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर सीएम धामी ने किया स्वागत, परेड ग्राउंड में जनसभा और पुलिस लाइन में पुलिस कलर सम्मान समारोह

देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव समारोह में शामिल होने के लिए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार को देहरादून पहुंच गए। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट पर स्वागत कार्यक्रम के बाद गृह मंत्री हेलिकॉप्टर से देहरादून के लिए रवाना हुए। उनके दौरे को लेकर राजधानी में उत्साह का माहौल दिखाई दिया। दिनभर उनके दो प्रमुख कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इनमें परेड ग्राउंड में राज्योत्सव समारोह और पुलिस लाइन रेसकोर्स में उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान करने का कार्यक्रम शामिल है।

अमित शाह के स्वागत के लिए जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। स्वागत करने वालों में कुसुम कंडवाल, संजय नेगी, आदेश सैनी, विश्वास डाबर, डॉ. देवेंद्र भसीन, चारु माथुर कोठारी, आदित्य कोठारी, संपूर्ण सिंह रावत और बलजीत सोनी सहित अन्य नेता शामिल थे। एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद गृह मंत्री हेलिकॉप्टर से देहरादून पहुंचे।

हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"

परेड ग्राउंड में राज्योत्सव समारोह और जनसभा

स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ

गृह मंत्री अमित शाह का पहला प्रमुख कार्यक्रम परेड ग्राउंड में आयोजित राज्योत्सव समारोह है। यहां वह उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर जनसभा को संबोधित करेंगे। करीब दो घंटे तक चलने वाले इस कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रहेगी।

कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड सरकार जनता के हितों को ध्यान में रखकर लगातार काम कर रही है। सरकार आने वाले पांच वर्षों में विकास से जुड़े प्रयासों को और मजबूती के साथ धरातल पर उतारेगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का पांचवां पूर्ण साक्षर राज्य बन गया है। यह प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

राज्योत्सव समारोह में सांसद अनिल बलूनी, अजय भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और प्रदीप बत्रा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। संगठन की ओर से सह प्रभारी बांसुरी स्वराज, महामंत्री कुंदन परिहार, तरुण बंसल और दीप्ति रावत भारद्वाज भी कार्यक्रम में पहुंचे।

पुलिस लाइन में उत्तराखंड पुलिस को मिलेगा राष्ट्रपति पुलिस कलर

परेड ग्राउंड में राज्योत्सव समारोह और जनसभा को संबोधित करने के बाद अमित शाह पुलिस लाइन रेसकोर्स पहुंचेंगे। यहां आयोजित विशेष समारोह में वह उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान करेंगे। यह सम्मान प्रदेश पुलिस के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। राष्ट्रपति पुलिस कलर किसी पुलिस बल की उत्कृष्ट सेवाओं, कर्तव्यनिष्ठा और उपलब्धियों के सम्मान का प्रतीक है।

इस समारोह में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहेंगे। गृह मंत्री के दौरे के मद्देनजर दोनों कार्यक्रम स्थलों पर व्यापक तैयारियां की गई हैं। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी संबंधित विभागों की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं।

35 से 40 हजार लोगों के पहुंचने का भाजपा ने किया दावा

गृह मंत्री अमित शाह की जनसभा को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पार्टी ने दावा किया कि परेड ग्राउंड में आयोजित जनसभा में 35 से 40 हजार लोग शामिल होंगे। भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने पार्टी मुख्यालय में तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि उत्तराखंड प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के लिए विशेष महत्व रखता है। दोनों नेता लगातार राज्य के विकास और स्थानीय लोगों के कल्याण से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन और सहयोग देते रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हरिद्वार में गृह मंत्री के पिछले कार्यक्रम में एक लाख से अधिक लोग शामिल हुए थे। इसी तरह देहरादून में भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने कहा कि जनता गृह मंत्री के विचारों को सुनने के लिए उत्सुक रहती है।

पार्टी नेताओं ने कहा कि उत्तराखंड की सीमाओं की सुरक्षा, आंतरिक सुरक्षा और प्रदेश के विकास से जुड़े विषयों पर केंद्र सरकार का सहयोग महत्वपूर्ण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि गृह मंत्री के दौरे से राज्य को विकास संबंधी विषयों पर मार्गदर्शन और सहयोग मिलेगा।

भाजपा कोर कमेटी की बैठक स्थगित

गृह मंत्री अमित शाह के देहरादून दौरे के दौरान भाजपा कोर कमेटी की बैठक भी प्रस्तावित थी। हालांकि, किन्हीं कारणों से इस बैठक को स्थगित कर दिया गया है। ऐसे में गृह मंत्री का दौरा मुख्य रूप से राज्योत्सव समारोह, जनसभा और उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान करने के कार्यक्रम तक केंद्रित रहेगा।

सुरक्षा व्यवस्था के बीच राजधानी में दिनभर हलचल

गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थलों तक सुरक्षा एजेंसियां सतर्क रहीं। प्रशासन और पुलिस की ओर से वीआईपी आवागमन, यातायात नियंत्रण और कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।

उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ पर आयोजित इन कार्यक्रमों के बीच गृह मंत्री का दौरा प्रदेश की राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं, पुलिस लाइन में राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किए जाने का समारोह उत्तराखंड पुलिस के लिए इस दौरे का विशेष आकर्षण रहेगा।

Previous post

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027: 137 महिला बूथों पर महिलाओं के हाथों में होगी मतदान की कमान, 92 मॉडल पोलिंग स्टेशन भी बनेंगे, दिव्यांगों के लिए 66 विशेष बूथों की तैयारी

Next post

अमित शाह के देहरादून दौरे से पहले कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, काले गुब्बारे लेकर एयरपोर्ट जा रहे जिलाध्यक्ष समेत कई कार्यकर्ता हिरासत में, अंकिता भंडारी मामले को लेकर जताया आक्रोश

Post Comment