मेरठ के 40 परिवारों ने दी संसद भवन के सामने आत्मदाह की चेतावनी
मेरठ: मवाना तहसील क्षेत्र के गांव जलालपुर जोरा के अनुसूचित जाति के 40 परिवारों ने कलेक्ट्रेट पर धरना दिया। इन सभी का आरोप है कि गांव के कुछ दबंग लोगों ने उनकी जमीन पर काफी समय से कब्जा किया हुआ है, जबकि खतौनी में उनका नाम दर्ज है। जिला प्रशासन और पुलिस की मिलीभगत से यह सब हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 27 मार्च तक उनकी जमीन से कब्जा नहीं हटता है तो सभी 40 परिवार संसद भवन के सामने पहुंचकर आत्मदाह कर लेंगे।
जलालपुर जोरा के ग्रामीणों ने डीएम वीके सिंह को ज्ञापन दिया। ग्रामीणों ने बताया कि उनकी जमीन पर गांव के 10-15 दबंगों ने कब्जा किया हुआ है। कई बार तहसील की टीम यहां पहुंची और जमीन की माप करके निशान लगा गई, लेकिन आरोपी कब्जा नहीं छोड़ते हैं। इस संबंध में मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी, मवाना तहसील के अधिकारियों को शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई नहीं सुन रहा है।
बताया कि गांव में चकबंदी आने वाली थी, लेकिन दबंगों ने नहीं आने दी। इस कारण अभी तक अनुसूचित जाति के लोगों को उनकी जमीन नहीं मिल रही है। यदि चकबंदी आ जाती तो उनकी जमीन उन्हें मिल जाती। डीएम वीके सिंह ने बताया कि जलालपुर में जो जमीन का प्रकरण चल रहा है, उसकी जांच के लिए टीम का गठन किया जाएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान अजय कुमार, इंदल, बिजेंद्र, पोपीन, बबलू, माया, राजबीर, सुंदर, विजय, बबीता, नीरज, सुंदरी, पवन, राजू, सूरज आदि मौजूद रहे।
Sources:AmarUjala



Post Comment