×

उत्तराखंड रजत जयंती उत्सव: मुख्यमंत्री धामी ने एफआरआई पहुंचकर तैयारियों का लिया जायजा, नौ नवंबर को आएंगे पीएम मोदी

उत्तराखंड रजत जयंती उत्सव: मुख्यमंत्री धामी ने एफआरआई पहुंचकर तैयारियों का लिया जायजा, नौ नवंबर को आएंगे पीएम मोदी

देहरादून।  उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर राजधानी देहरादून में उत्साह और गतिविधियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट (एफआरआई) पहुंचकर समारोह स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि नौ नवंबर को होने वाले इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में किसी प्रकार की कमी न रह जाए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह उत्तराखंड के लिए गर्व और हर्ष का अवसर है कि राज्य अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे करने जा रहा है। उन्होंने कहा, “हमारे राज्य को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी ने बनाया था और आज आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी इसके विकास और प्रगति को नई दिशा दे रहे हैं। यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि प्रधानमंत्री स्वयं राज्य के रजत जयंती समारोह में प्रतिभाग करने आ रहे हैं।”

राज्य सरकार के अनुसार, इस भव्य कार्यक्रम में लगभग 75 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है, जबकि प्रधानमंत्री के आगमन के चलते सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की विशेष रूप से व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री ने आयोजन स्थल पर मंच, सजावट, सुरक्षा, पार्किंग और दर्शक दीर्घा की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह समारोह उत्तराखंड की उपलब्धियों और विकास यात्रा को प्रदर्शित करने वाला ऐतिहासिक क्षण होगा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि राज्य के 25 वर्षों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए एफआरआई परिसर को आकर्षक स्वरूप दिया जाए, ताकि यह समारोह प्रदेश की जनता के मन में गर्व और आत्मविश्वास की भावना भर सके।

इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और आयोजन समिति के सदस्य भी उपस्थित रहे।

 

Post Comment