×

उत्तराखंड में बदला मौसम: चारधाम में बर्फबारी, कई जिलों में अलर्ट जारी

उत्तराखंड में बदला मौसम: चारधाम में बर्फबारी, कई जिलों में अलर्ट जारी

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। गुरुवार को बदरीनाथ धाम, केदारनाथ धाम, गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम में बर्फबारी हुई, जिससे ठंड एक बार फिर बढ़ गई है।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई जिलों में आज बारिश, आंधी, बर्फबारी और बिजली गिरने की संभावना है। 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर यह गति 50-60 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है।

हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में भी तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।

बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों (3000 मीटर से ऊपर) में बर्फबारी जारी रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने बताया कि अगले एक-दो दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने और पहाड़ी इलाकों में यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

देहरादून में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहे और शाम को हल्की बूंदाबांदी हुई। गुरुवार को भी आसमान में बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 23°C और न्यूनतम 13°C रहने का अनुमान है।

Post Comment