उत्तराखंड में हिमस्खलन की चेतावनी, ऊंचाई वाले इलाकों में जाने से बचने की सलाह
उत्तराखंड में हिमस्खलन को लेकर चेतावनी जारी की गई है। डीजीआरई (डिफेंस जियोइन्फॉर्मेटिक्स रिसर्च एस्टैब्लिशमेंट) ने राज्य के कई जिलों में खतरे की आशंका जताई है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
जारी बुलेटिन के अनुसार, उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में खतरे का स्तर-दो (मध्यम) बताया गया है, जहां छोटे हिमस्खलन की संभावना है। वहीं, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जिलों में खतरे का स्तर-एक (कम) रखा गया है।
प्रशासन और विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि वे ऊंचाई वाले इलाकों में अनावश्यक आवाजाही से बचें और सावधानी बरतें।
इसके अलावा मौसम विज्ञान केंद्र ने 23 मार्च के लिए उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में तेज हवाओं और बिजली चमकने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चलने का येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। 27 मार्च तक प्रदेशभर में मौसम अस्थिर बना रह सकता है। देहरादून में अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान में अधिक गिरावट देखी गई।



Post Comment