प्लॉट का सौदा करने आए व्यक्ति से 14 लाख की लूट, पुलिस ने दो और आरोपियों को दबोचा
देहरादून। राजधानी के पटेलनगर क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई 14 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट की रकम में से 70 हजार रुपये बरामद किए हैं। इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में पकड़े गए आरोपियों की संख्या पांच हो गई है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के गांव गुरुगोटा निवासी कर्ण यादव और पटेलनगर के गांधीग्राम निवासी सोहेल अख्तर उर्फ साहिल के रूप में हुई है। कर्ण यादव वर्तमान में देहराखास में रह रहा था। पुलिस ने उसे टिहरी गढ़वाल के चंबा क्षेत्र से गिरफ्तार किया, जबकि सोहेल अख्तर को पटेलनगर इलाके से दबोचा गया।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
दोनों आरोपियों के पास से लूट के 70 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। इससे पहले पुलिस इस मामले में तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह शामिल हैं। सरवजीत सिंह मूल रूप से रोहित नगर, बुग्गावाला रोड बिहारीगढ़ का निवासी है और वर्तमान में देहराखास में किराये के मकान में रह रहा था। जसमीत सिंह सुंदरपुर, बिहारीगढ़ का निवासी है और रामलीला ग्राउंड, पटेलनगर ईस्ट में रह रहा था। वहीं, शक्ति सिंह राजपुर रोड क्षेत्र का निवासी बताया गया है।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
प्लॉट के सौदे के लिए आए व्यक्ति से लूट
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल के अनुसार, हरिपुरकलां, मोतीचूर रायवाला निवासी राजेश कुमार ने पटेलनगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सात नवंबर को वह पथरीबाग स्थित एक प्लॉट का सौदा करने के सिलसिले में देहरादून आए थे। उनके साथ दिनेश तिवारी, ओमकार और गुरविंदर भी मौजूद थे।
शिकायत के मुताबिक, सभी लोग कार से इंदिरेश अस्पताल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अस्पताल के पास एक्टिवा और बाइक पर सवार चार से पांच युवकों ने उनकी कार को घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने उनके साथ मारपीट की और रुपयों से भरा बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। बैग में करीब 14 लाख रुपये रखे हुए थे।
अब तक 2.20 लाख रुपये बरामद
पुलिस ने मामले की जांच और आरोपियों की तलाश के दौरान अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इन सभी के कब्जे से कुल 2.20 लाख रुपये बरामद किए जा चुके हैं। हालांकि, लूट की पूरी रकम अभी बरामद नहीं हो पाई है।
पुलिस के मुताबिक, इस वारदात में शामिल सिद्धांत बडोनी अभी फरार चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों और लूटी गई शेष रकम के संबंध में भी जांच जारी है।




Post Comment