भांजे पर दरांती से हमले की कोशिश, बीच-बचाव करने पहुंचे पिता को बेटे ने चाकू से मार डाला
देहरादून। नशे की लत किस तरह इंसान को अपनों का दुश्मन बना सकती है, इसका एक सनसनीखेज मामला राजधानी देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में सामने आया है। सहस्रधारा रोड स्थित चलांग कुल्हान में शराब और नशे का आदी एक युवक अपने ही पिता का हत्यारा बन गया। आरोप है कि भांजे पर हमला करने से रोकने पर युवक ने पिता के सीने पर चाकू से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 7:15 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि चलांग कुल्हान निवासी एक युवक ने अपने पिता मदन राणा (62) पर चाकू से हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल मदन राणा को एंबुलेंस की मदद से कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
प्रारंभिक जांच और स्थानीय लोगों से पूछताछ में घटना के पीछे की वजह नशे की लत और पारिवारिक विवाद सामने आया है। पुलिस के अनुसार, मदन राणा का 35 वर्षीय बेटा नितिन राणा नशे का आदी बताया जा रहा है। सोमवार शाम वह पड़ोस में रहने वाले अपने भांजे ऋषभ रावत से नशा करने के लिए रुपये मांग रहा था। ऋषभ ने रुपये देने से इनकार कर दिया तो नितिन गुस्से में आ गया।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
आरोप है कि रुपये नहीं मिलने से नाराज नितिन ने ऋषभ पर दरांती से हमला करने की कोशिश की। अपनी जान बचाने के लिए ऋषभ वहां से भागने लगा। इसी दौरान मदन राणा बीच-बचाव करने के लिए पहुंचे। उन्होंने बेटे को डांटते हुए उसे भांजे पर हमला करने से रोकने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, इसी बात से नाराज होकर नितिन ने कथित तौर पर अपने पिता पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में मदन राणा गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सक उनकी जान नहीं बचा सके।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई।
राजपुर थाना पुलिस ने आरोपी नितिन राणा को मौके से ही हिरासत में ले लिया। थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
नशे की लत के चलते हुई इस वारदात ने एक बार फिर परिवारों और समाज के सामने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस पिता ने अपने भांजे की जान बचाने के लिए बेटे को रोकने की कोशिश की, उसी पिता को अपनी जान गंवानी पड़ी।




Post Comment