दीपावली पर ट्रैफिक प्लान लागू, गलत पार्किंग पर 1500 रुपये जुर्माना
देहरादून। दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज के दौरान बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए दून पुलिस ने शहर के लिए विशेष यातायात प्लान जारी किया है। सात से 11 नवंबर तक शहर के प्रमुख बाजारों में यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। इस दौरान पलटन बाजार, धामावाला, मच्छी बाजार और पीपल मंडी को जीरो जोन घोषित किया गया है। इन बाजारों में वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और लोगों को पैदल ही खरीदारी के लिए जाना होगा। शहर में सभी प्रकार के भारी वाहनों के प्रवेश पर भी रोक रहेगी।
प्रभारी एसपी ट्रैफिक जया बलोनी ने बताया कि अलग-अलग दिशाओं से बाजार आने वाले लोगों के वाहनों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। सहस्त्रधारा, रायपुर और राजपुर रोड की ओर से आने वाले वाहन काबुल हाउस, मंगला देवी इंटर कॉलेज, कनक चौक मल्टीस्टोरी पार्किंग और घंटाघर स्थित एमडीडीए कॉम्प्लेक्स में खड़े किए जा सकेंगे।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
चकराता रोड और जीएमएस रोड की ओर से आने वाले वाहनों के लिए जनपथ कॉम्प्लेक्स और रेंजर्स ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं, ईसी रोड, धर्मपुर और नेहरू कॉलोनी की ओर से आने वाले लोग रेंजर्स ग्राउंड, दरबार साहिब और राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स में वाहन पार्क कर सकेंगे।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
सहारनपुर चौक, कांवली रोड और पटेलनगर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए पुराना बस अड्डा, पुलिस कार्यालय और नगर निगम परिसर निर्धारित किए गए हैं। पलटन बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले दोपहिया वाहन गांधी इंटर कॉलेज और सीएनआई स्कूल में खड़े किए जा सकेंगे।
पुलिस ने लोगों से बाजार आने के लिए निजी वाहनों का कम से कम इस्तेमाल करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की अपील की है। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स संचालकों को अपनी बेसमेंट पार्किंग आम लोगों के लिए खोलने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके साथ ही लोगों से अंतिम समय की भीड़ से बचने, अनावश्यक हॉर्न नहीं बजाने और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
लोडिंग वाहनों के प्रवेश पर भी रोक
पलटन बाजार में सुबह 10 बजे से रात नौ बजे तक लोडिंग वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। व्यापारियों के वाहनों को टोकन के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। लोडिंग वाहनों के लिए राजा रोड से पीपल मंडी होते हुए दर्शनी गेट तक वन-वे व्यवस्था निर्धारित की गई है। यातायात सामान्य रहने की स्थिति में विक्रम, ऑटो और ई-रिक्शा अपने निर्धारित रूट पर संचालित होंगे।
विक्रम और सिटी बसों के रूट में बदलाव
राजपुर रोड से आने वाले रूट नंबर एक के विक्रम ओरिएंट चौक के बजाय ग्लोब चौक से पैसिफिक तिराहा, सुभाष रोड और बेनी बाजार होते हुए वापस लौटेंगे। रायपुर रोड से आने वाले रूट नंबर दो के विक्रम सर्वे चौक से ही वापस जाएंगे। रिस्पना की ओर से आने वाले रूट नंबर तीन के विक्रम दून चौक और एमकेपी चौक होते हुए लौटेंगे।
रूट नंबर पांच और आठ के विक्रम तहसील चौक तक ही आएंगे। राजपुर रोड की ओर से संचालित सिटी बसों का पिकअप और ड्रॉप प्वाइंट ओरिएंट चौक रहेगा, जबकि डोईवाला और सहस्त्रधारा जाने वाली बसों का पिकअप-ड्रॉप रेंजर्स ग्राउंड में निर्धारित किया गया है।
जाम लगने पर इन रास्तों से होगा डायवर्जन
सर्वे चौक पर यातायात का दबाव बढ़ने पर रायपुर से आने वाले वाहनों को कर्जन रोड तिराहे से म्यूनिसिपल रोड की ओर भेजा जाएगा। घंटाघर पर दबाव होने की स्थिति में राजपुर रोड से आने वाले वाहनों को ओरिएंट चौक से कनक चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। दर्शनलाल चौक से आने वाले वाहनों को लैंसडाउन चौक की ओर भेजा जाएगा।
धर्मपुर चौक पर जाम लगने पर माता मंदिर रोड से आने वाले वाहनों को रेसकोर्स की ओर और नेहरू कॉलोनी तिराहे से आने वाले वाहनों को फव्वारा चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
छह क्रेन और पुलिसकर्मियों की तैनाती
यातायात व्यवस्था संभालने के लिए एक सीओ, चार ट्रैफिक इंस्पेक्टर, 15 ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर और अतिरिक्त टीएसआई, 60 ट्रैफिक कांस्टेबल, 80 प्रशिक्षु कांस्टेबल तथा 10 सीपीयू मोबाइल टीमें तैनात रहेंगी। इसके अलावा विभिन्न थानों से भी पुलिस बल लगाया जाएगा।
गलत पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई के लिए छह क्रेन तैनात की गई हैं। नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर उसे क्रेन से टो किया जाएगा और 1500 रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। शहर में यातायात की निगरानी के लिए 29 एएनपीआर, 105 आरएलवीडी और नौ एसवीडीएस कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा।




Post Comment