उत्तराखंड में आज से घर बैठे स्वगणना शुरू, 33 सवालों के जवाब देने होंगे
देहरादून: उत्तराखंड में जनगणना के पहले चरण के तहत आज से भवनों की स्वगणना (Self-Enumeration) शुरू हो गई है। अब लोग घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल के जरिए अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए नागरिकों को कुल 33 सवालों के जवाब देने होंगे।
यह प्रक्रिया 10 अप्रैल से 25 अप्रैल तक चलेगी और इसे आधिकारिक पोर्टल (se.census.gov.in) के माध्यम से पूरा किया जा सकता है। स्वगणना पूरी करने के बाद प्रत्येक परिवार को एक एसई (SE) आईडी दी जाएगी। जब प्रगणक (Enumerator) घर-घर सर्वे के लिए आएंगे, तब यह आईडी दिखानी होगी, जिससे आपका डेटा तुरंत उनके सिस्टम में दर्ज और सत्यापित हो जाएगा।
राज्य में इस प्रक्रिया की शुरुआत राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा अपने आवास से की जाएगी।
कब होगा घर-घर सर्वे
जनगणना विभाग के अनुसार, प्रगणक 25 अप्रैल से 24 मई के बीच घर-घर जाकर जानकारी का सत्यापन करेंगे।
किन-किन विषयों पर पूछे जाएंगे सवाल
स्वगणना के 33 सवालों को पांच मुख्य हिस्सों में बांटा गया है, जिनमें शामिल हैं:
- मकान की संरचना (फर्श, दीवार, छत, हालत)
- परिवार की जानकारी (सदस्यों की संख्या, मुखिया, सामाजिक वर्ग)
- सुविधाएं (पानी, बिजली, शौचालय, इंटरनेट)
- घरेलू संसाधन (टीवी, मोबाइल, वाहन आदि)
- जीवनशैली और भोजन से जुड़े प्रश्न
इन सवालों के जरिए सरकार को आवास, बुनियादी सुविधाओं और सामाजिक-आर्थिक स्थिति की विस्तृत जानकारी मिलेगी, जिससे भविष्य की योजनाएं बेहतर बनाई जा सकें।



Post Comment