गैस संकट के बीच होटल-रेस्टोरेंट का संघर्ष
उत्तराखंड । उत्तराखंड के अल्मोड़ा में छोटे होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों को इन दिनों व्यवसायिक एलपीजी गैस सिलिंडरों की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है। गैस एजेंसियों द्वारा मांग के अनुसार आपूर्ति नहीं होने से यह समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है।
गैस की कमी के चलते व्यवसायियों को अपने कामकाज को जारी रखने के लिए वैकल्पिक उपाय अपनाने पड़ रहे हैं। कई होटल और रेस्टोरेंट संचालक अब कोयला, लकड़ी और स्टोव का सहारा लेकर खाना बना रहे हैं। हालांकि, स्थिति और चुनौतीपूर्ण तब हो जाती है जब बाजार में कोयला और केरोसिन (मिट्टी का तेल) भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं होता।
ऐसे हालात में कुछ व्यापारी बाहर से कोयला मंगवाकर काम चला रहे हैं, जबकि केरोसिन की कमी के कारण स्टोव जलाने के लिए डीजल का उपयोग किया जा रहा है, जो न तो किफायती है और न ही सुरक्षित।
स्थानीय रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि अगर जल्द ही व्यवसायिक गैस सिलिंडरों की नियमित आपूर्ति नहीं हुई, तो उनके लिए कारोबार चलाना मुश्किल हो जाएगा। यह संकट न केवल उनके रोजगार को प्रभावित कर रहा है, बल्कि ग्राहकों को मिलने वाली सेवाओं पर भी असर डाल रहा है।



Post Comment