×

सुहावने दून में भीषण गर्मी का कहर, तापमान 40°C के करीब

सुहावने दून में भीषण गर्मी का कहर, तापमान 40°C के करीब

देहरादून।  देहरादून  जो कभी अपने सुहावने मौसम के लिए जाना जाता था, इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है और दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा नजर आ रहा है।

रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब पांच डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान भी औसत से ज्यादा 22.5 डिग्री सेल्सियस रहा। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं, और जो निकल रहे हैं वे सिर और चेहरे को ढककर ही बाहर जा रहे हैं।

मौसम विभाग ने सोमवार के लिए भी लू चलने की चेतावनी जारी की है। अनुमान है कि तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है, जिससे गर्मी और बढ़ेगी। इस भीषण तपिश का असर बाजारों और सड़कों पर साफ दिखाई दे रहा है, जहां भीड़ काफी कम हो गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में तापमान सामान्य से काफी अधिक रहा है और अगले एक-दो दिनों तक इसमें खास बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि इसके बाद अगले तीन से चार दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

फिलहाल, मौसम विभाग ने खासकर दोपहर के समय सतर्क रहने की सलाह दी है और लोगों से लू से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने को कहा है।

Post Comment