केदारनाथ में मोबाइल चोरी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ा, बदरीनाथ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
चमोली: केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में यात्रियों को निशाना बनाने वाले अंतरराज्यीय चोर गिरोह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से करीब 14 लाख रुपये कीमत के 13 मोबाइल फोन और नगदी बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य केदारनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के मोबाइल और पैसे चोरी करते थे और फिर बदरीनाथ क्षेत्र में भी वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। हालांकि, पुलिस को पहले ही इनकी सूचना मिल चुकी थी।
घटना की शुरुआत 27 अप्रैल को हुई, जब एक यात्री ने बदरीनाथ थाने में शिकायत दर्ज कराई कि दर्शन के दौरान उसके पैसे, दस्तावेज और एटीएम कार्ड चोरी हो गए। इसके बाद पुलिस ने विशेष टीम बनाकर जांच शुरू की और सर्विलांस की मदद से चार संदिग्धों की पहचान की।
हनुमान चट्टी क्षेत्र में दो संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली गई, जहां से पूरे गिरोह का पर्दाफाश हो गया। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके वाहन भी सीज कर दिए।
गिरफ्तार आरोपियों में पंजाब और राजस्थान के चार लोग शामिल हैं, जिनमें एक महिला भी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने परिवार को साथ लेकर चलते थे ताकि उन पर किसी को शक न हो।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने केदारनाथ क्षेत्र में चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दिया था। बरामद मोबाइलों में से एक के संबंध में सोनप्रयाग थाने में पहले से मुकदमा दर्ज है।
पुलिस का कहना है कि यह गिरोह काफी शातिर था और धार्मिक यात्राओं में भीड़ का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम देता था। फिलहाल, पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।



Post Comment