×

नीट पेपर लीक मामले में सख्त कार्रवाई होगी: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष

नीट पेपर लीक मामले में सख्त कार्रवाई होगी: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष

देहरादून। नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले को गंभीर बताते हुए उत्तराखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि दोषियों के खिलाफ नए कानूनों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इस मामले की सीबीआई जांच को सरकार का सही और जरूरी कदम बताया।

महेंद्र भट्ट ने युवाओं से सरकार पर भरोसा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि केंद्र सरकार छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि मेडिकल प्रवेश परीक्षा में कथित पेपर लीक सामने आने के बाद सरकार ने तुरंत परीक्षा रद्द कर दी और मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी है।

उन्होंने कहा कि पिछली परीक्षाओं में हुई धांधली को देखते हुए सरकार पहले ही परीक्षा संबंधी गड़बड़ियों के खिलाफ सख्त कानून लागू कर चुकी है। अब जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसे कठोरतम सजा दी जाएगी।

भट्ट ने विपक्ष, विशेषकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिनके शासनकाल में भर्ती प्रक्रियाओं में भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे, वही आज नैतिकता की बातें कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शी और नकलमुक्त परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि जांच के दौरान सामने आने वाली कमियों को दूर कर भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जाएगा। साथ ही युवाओं से धैर्य बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की।

Post Comment