रुड़की में मिठाई फैक्टरी पर छापा, गंदे कनस्तरों में मिले रसगुल्ले; मक्खियां और मधुमक्खियां भी मिलीं
कलियर (रुड़की)। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को सोहलपुर, कलियर के पास स्थित वाजिद स्वीट्स की मिठाई फैक्टरी पर छापा मारकर कई गंभीर अनियमितताएं पकड़ीं। फैक्टरी में जंग लगे और गंदे टीन के कनस्तरों में बड़ी मात्रा में मिठाइयां बिक्री के लिए रखी मिलीं। कई कनस्तरों में मरी हुई मक्खियां और मधुमक्खियां भी पाई गईं।
जांच के दौरान करीब 1.60 कुंतल सफेद रसगुल्ले, 15 किलो गुलाबी रसगुल्ले और करीब 40 किलो मिल्क केक मिला। इसके अलावा 25 किलो स्टार्च पाउडर भी मौके पर पाया गया। फैक्टरी के फ्रिज से करीब 50 किलो संदिग्ध पनीर भी बरामद हुआ।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जिले में मिठाई निर्माण इकाइयों, पनीर दुकानों और डेयरियों की जांच चल रही है। इसी क्रम में उपायुक्त खाद्य सुरक्षा गढ़वाल मंडल आरएस रावत के नेतृत्व में टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर फैक्टरी का निरीक्षण किया।
फैक्टरी में मिली भारी गंदगी
निरीक्षण के दौरान निर्माण स्थल पर साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब मिली। फर्श कच्चा था और स्वच्छता की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। दीवारों और छत पर कालिख जमी हुई थी। मिल्क केक की ट्रे और डिब्बे भी धूल भरे स्थानों पर रखे मिले।
खाद्य सुरक्षा टीम ने खुले रसगुल्ले और स्टार्च पाउडर के तीन नमूने लेकर जांच के लिए भेजे। वहीं, मौके पर मिली शेष मिठाइयों के साथ करीब दो कुंतल स्टार्च पाउडर को गड्ढा खुदवाकर नष्ट कराया गया।
फैक्टरी बंद, एफएसएसएआई लाइसेंस निलंबित
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए निर्माण इकाई को अग्रिम आदेश तक बंद करा दिया है। साथ ही वाजिद स्वीट्स का एफएसएसएआई लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया है। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उर्स के दौरान हुई कार्रवाई के बाद कलियर और आसपास की मिठाई एवं खाद्य निर्माण इकाइयों में भी हड़कंप मचा हुआ है।



Post Comment