×

अध्यात्म की नगरी ऋषिकेश में बढ़ता अपराध, दो माह में दो पुलिस मुठभेड़

अध्यात्म की नगरी ऋषिकेश में बढ़ता अपराध, दो माह में दो पुलिस मुठभेड़

ऋषिकेश, 9 जून 2026। योग, अध्यात्म और पर्यटन के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध ऋषिकेश में अपराध का बढ़ता ग्राफ चिंता का विषय बनता जा रहा है। जनवरी 2026 से अब तक क्षेत्र में लगभग 230 प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की जा चुकी हैं। इनमें मारपीट, चोरी, नशा कारोबार, अवैध कैसीनो संचालन और संगठित अपराध से जुड़े कई मामले शामिल हैं।

हाल के महीनों में सामने आई घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। 28 मार्च को आईडीपीएल क्षेत्र के एक होटल में कथित अवैध कैसीनो संचालन के मामले में पुलिस ने 40 लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनमें 10 महिलाएं भी शामिल थीं। इसके अलावा नशे के कारोबार और अन्य अवैध गतिविधियों की शिकायतें भी लगातार सामने आती रही हैं।

21 मई को काले की ढाल क्षेत्र में पर्यटकों और कुछ स्थानीय युवकों के बीच हुए विवाद ने राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोरी थीं। इस घटना में एक पर्यटक के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिससे पर्यटन सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हुईं।

हाल ही में इंद्रमणि बडोनी चौक स्थित एक होटल में सात महिलाओं के मिलने के बाद कुछ संगठनों ने अनैतिक गतिविधियों की आशंका जताई थी। हालांकि पुलिस जांच में ऐसे किसी आरोप की पुष्टि नहीं हुई, लेकिन इस घटना ने होटलों, गेस्ट हाउसों और किराये के आवासों की निगरानी की आवश्यकता पर चर्चा तेज कर दी।

पिछले दो महीनों में पुलिस और अपराधियों के बीच दो मुठभेड़ भी हुई हैं। 8 अप्रैल को देहरादून रोड स्थित वन चौकी के पास हरियाणा के एक वांछित ट्रक चोर के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई थी। इसके बाद 8 जून को खांड गांव क्षेत्र में भट्टोवाला फायरिंग कांड के फरार आरोपियों के साथ पुलिस का सामना हुआ। दोनों मामलों में दूसरे राज्यों के शातिर अपराधियों की संलिप्तता सामने आई।

देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र डोबाल ने कहा कि ऋषिकेश में हुई सभी आपराधिक घटनाओं का खुलासा किया गया है और अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रही है।

बढ़ते अपराध और बाहरी अपराधियों की सक्रियता को देखते हुए स्थानीय लोगों और प्रशासन के सामने ऋषिकेश की शांत और आध्यात्मिक पहचान को बनाए रखना एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।

Post Comment