×

रानीखेत-कोसी पेयजल योजना को मिली नई गति, 154 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया

रानीखेत-कोसी पेयजल योजना को मिली नई गति, 154 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया

रानीखेत (अल्मोड़ा)। रानीखेत और चिलियानौला क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से पेयजल संकट का सामना कर रहे इन क्षेत्रों को स्थायी समाधान देने के लिए रानीखेत-कोसी पेयजल पंपिंग योजना को आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके लिए जल निगम ने 154 करोड़ रुपये का नया प्रस्ताव स्वीकृति हेतु मुख्यालय भेज दिया है।

प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद रानीखेत नगर, सैन्य क्षेत्र तथा चिलियानौला नगर पालिका सहित 40 हजार से अधिक लोगों को पर्याप्त और नियमित पेयजल उपलब्ध कराया जा सकेगा।

वर्तमान में रानीखेत नगर की जलापूर्ति देवी ढुंगा पंपिंग योजना के माध्यम से की जा रही है, जबकि चिलियानौला क्षेत्र तिपौला ग्राम समूह पेयजल योजना पर निर्भर है। बढ़ती आबादी और सीमित जल स्रोतों के कारण दोनों क्षेत्रों में अक्सर पेयजल संकट उत्पन्न हो जाता है।

वर्ष 2019 में तत्कालीन राज्य सरकार ने रानीखेत-कोसी पंपिंग योजना की घोषणा की थी। शुरुआत में इस परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 59 करोड़ रुपये तय की गई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 90 करोड़ रुपये किया गया। अब विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार होने के बाद लागत बढ़कर 154 करोड़ रुपये आंकी गई है और इसी आधार पर नया प्रस्ताव स्वीकृति के लिए भेजा गया है।

यदि योजना को जल्द मंजूरी मिल जाती है, तो इससे क्षेत्र की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का समाधान होने के साथ-साथ भविष्य की बढ़ती जरूरतों को भी पूरा किया जा सकेगा।

Post Comment