×

उत्तरकाशी के डॉ. भीमराव अंबेडकर छात्रावास में बदहाल व्यवस्थाएं, दूषित भोजन से छात्रों में नाराजगी

उत्तरकाशी के डॉ. भीमराव अंबेडकर छात्रावास में बदहाल व्यवस्थाएं, दूषित भोजन से छात्रों में नाराजगी

उत्तरकाशी: जनपद मुख्यालय के समीप तिलोथ स्थित समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित डॉ. भीमराव अंबेडकर बालक एवं बालिका छात्रावास में रहने वाले छात्र-छात्राओं ने भोजन और सफाई व्यवस्था को लेकर गंभीर शिकायतें की हैं। छात्रों का आरोप है कि उन्हें पिछले दो महीनों से गुणवत्ताविहीन और दूषित भोजन परोसा जा रहा है, जिससे उनके स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है।

छात्रों के अनुसार, छात्रावास में भोजन खुले स्थान पर लकड़ी के चूल्हे पर तैयार किया जाता है। इस दौरान आसपास की दीवारों और खुले वातावरण से कीड़े भोजन में गिर जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद वही भोजन छात्रों को परोस दिया जाता है। उनका कहना है कि भोजन की गुणवत्ता लगातार खराब बनी हुई है।

छात्रों ने बताया कि लगभग दो महीने पहले कैंटीन संचालक बदलने के बाद से भोजन व्यवस्था में गिरावट आई है। उन्होंने इस संबंध में छात्रावास अधीक्षकों को लिखित शिकायत भी दी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद छात्र जिला समाज कल्याण कार्यालय भी पहुंचे, जहां से भी उन्हें संतोषजनक समाधान नहीं मिला।

भोजन व्यवस्था के साथ-साथ छात्रावास की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए हैं। छात्रों का कहना है कि सफाई कर्मचारी नियमित रूप से नहीं आते, जिसके कारण उन्हें स्वयं छात्रावास परिसर की नालियों की सफाई करनी पड़ी।

तिलोथ स्थित इस छात्रावास में अनुसूचित जाति वर्ग के लगभग 48 छात्र और 40 से अधिक छात्राएं निवास करती हैं। छात्रों ने प्रशासन से भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई की व्यवस्था में शीघ्र सुधार की मांग की है।

जिला समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप पंवार ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी हाल ही में मिली है। उन्होंने कहा कि लौटने के बाद छात्रावास का निरीक्षण किया जाएगा और कैंटीन संचालक से बातचीत कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Post Comment