बारिश से बढ़ी मुसीबत, सोनप्रयाग-त्रियुगीनारायण मार्ग पर भूस्खलन से यातायात प्रभावित
लगातार हो रही बारिश के कारण रुद्रप्रयाग जिले के सोनप्रयाग-त्रियुगीनारायण मोटर मार्ग पर भूस्खलन की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। सड़क पर मलबा और बोल्डर आने से यातायात बार-बार बाधित हो रहा है, जिससे श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भगवान शिव-पार्वती के विवाह स्थल के रूप में प्रसिद्ध त्रियुगीनारायण मंदिर में आयोजित विवाह समारोह भी इस स्थिति से प्रभावित हुए हैं।
रविवार देर रात हुई भारी बारिश के बाद बड़ा सांगू क्षेत्र में भारी मात्रा में मलबा और पत्थर सड़क पर आ गए, जिससे मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। सड़क अवरुद्ध होने के कारण यात्रियों को लंबी दूरी तक पैदल चलकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। गुजरात और महाराष्ट्र से आए कई श्रद्धालु, जिनका त्रियुगीनारायण मंदिर में विवाह समारोह निर्धारित था, उन्हें भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में इस मार्ग पर अक्सर मलबा और बोल्डर गिरते रहते हैं। उनका आरोप है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण गधेरों का पानी सीधे सड़क पर बहता है, जिससे चट्टानें खिसक रही हैं और भूस्खलन की घटनाएं बढ़ रही हैं।
पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता पवन कुमार ने बताया कि मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु रखने के लिए मशीनें मौके पर तैनात की गई हैं। विभाग की ओर से लगातार मलबा हटाने का कार्य किया जा रहा है और सड़क को शीघ्र यातायात के लिए बहाल करने का प्रयास जारी है।
वहीं, चमोली जिले की पिंडरघाटी में भी रविवार रात हुई मूसलाधार बारिश के कारण कई मोटर मार्ग बंद हो गए। देवाल, थराली और नारायणबगड़ क्षेत्रों में सड़कों पर मलबा आने से 50 से अधिक वाहन बीच रास्ते में फंस गए। थराली-डुंग्री मोटर मार्ग लगभग 12 घंटे बाद यातायात के लिए खोला गया, जबकि सोल घाटी के 16 गांवों के करीब 10 हजार लोग प्रभावित हुए।
नारायणबगड़ क्षेत्र में नलगांव-कफारतीर-भटियाणा मोटर मार्ग पिछले एक सप्ताह से बंद है, जिससे लोगों को ब्लॉक मुख्यालय पहुंचने के लिए 25 से 30 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। प्रशासन ने प्रभावित मार्गों पर जेसीबी मशीनें तैनात कर सड़कें खोलने का कार्य तेज कर दिया है। वहीं, देवाल बाजार के पास लगातार हो रहे भूस्खलन से आसपास के भवनों पर भी खतरा बना हुआ है।



Post Comment