बदरीनाथ चढ़ावा हेराफेरी मामले की जांच पूरी, जल्द सौंपी जाएगी रिपोर्ट
गोपेश्वर/चमोली। बदरीनाथ मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले में गठित बदरी-केदार मंदिर समिति (BKTC) की चार सदस्यीय जांच समिति ने अपनी जांच पूरी कर ली है। समिति जल्द ही अपनी रिपोर्ट मुख्य कार्याधिकारी (सीईओ) को सौंपेगी।
यह मामला उस समय सामने आया था जब भैरव सेना के केंद्रीय अध्यक्ष संदीप खत्री ने बीकेटीसी के एक कर्मचारी पर मंदिर के चढ़ावे में हेराफेरी करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बीकेटीसी ने चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया था।
प्रारंभिक जांच के आधार पर समिति ने संबंधित कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को गणना ड्यूटी और प्रोटोकॉल संबंधी जिम्मेदारियों से हटा दिया था। बाद में सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध गतिविधियां सामने आने के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया।
जांच समिति ने लगभग एक सप्ताह तक बदरीनाथ में रहकर मामले की विस्तृत पड़ताल की। इस दौरान सीसीटीवी फुटेज, चढ़ावा गणना कक्ष की व्यवस्था, कर्मचारियों की तैनाती तथा अन्य संबंधित पहलुओं की गहन जांच की गई।
शुक्रवार को समिति ने अपनी जांच प्रक्रिया पूरी कर ली। बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने जांच पूरी होने की पुष्टि करते हुए बताया कि समिति की अंतिम रिपोर्ट अभी उन्हें प्राप्त नहीं हुई है। रिपोर्ट मिलने के बाद उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Post Comment