×

बारिश से बदरीनाथ हाईवे दो घंटे बंद, केदारनाथ पैदल मार्ग पर बढ़ाई गई निगरानी

बारिश से बदरीनाथ हाईवे दो घंटे बंद, केदारनाथ पैदल मार्ग पर बढ़ाई गई निगरानी

रुद्रप्रयाग जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण शनिवार को खांकरा और सिरोहबगड़ के बीच पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर बदरीनाथ हाईवे पर आ गए। इससे हाईवे लगभग दो घंटे तक बंद रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाकर मार्ग को फिर से यातायात के लिए खोल दिया।

उधर, बारिश को देखते हुए गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग के संवेदनशील और जोखिम वाले स्थानों पर प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। वाईएमएफ, डीडीआरएफ, एसडीआरएफ, आपदा मित्र और सेक्टर अधिकारियों की टीमें तैनात की गई हैं, जो यात्रियों को सुरक्षित तरीके से मार्ग पार करा रही हैं।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि जिला आपदा परिचालन केंद्र से पूरे यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जहां भी भूस्खलन या अन्य खतरे की आशंका होती है, वहां तुरंत राहत और बचाव दल भेजे जा रहे हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से मौसम की जानकारी और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की।

लिनचोली के पास क्षतिग्रस्त हुआ पैदल मार्ग

शुक्रवार देर रात हुई तेज बारिश के कारण गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग का एक हिस्सा लिनचोली के पास क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे कुछ समय के लिए यात्रा रोकनी पड़ी। सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कर आवाजाही दोबारा शुरू करा दी।

अधिशासी अभियंता सुनील सिंह रावत ने बताया कि श्रमिक मार्ग की मरम्मत और चौड़ीकरण का कार्य कर रहे हैं। बरसात समाप्त होने के बाद इस स्थान पर स्थायी सुरक्षा कार्य कराया जाएगा। फिलहाल केदारनाथ यात्रा सामान्य रूप से संचालित हो रही है।

Post Comment