डिग्रियों की माला पहनकर राहुल गांधी के कार्यक्रम में पहुंचा बेरोजगार युवक, रोजगार की चिंता की ओर खींचा ध्यान
देहरादून: देहरादून के बन्नू इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान पिथौरागढ़ के एक बेरोजगार युवक ने अपने अनोखे अंदाज से लोगों का ध्यान आकर्षित किया। युवक मनोज कुमार अपने गले में अपनी शैक्षणिक डिग्रियों की माला पहनकर कार्यक्रम में पहुंचे, जिससे उन्होंने शिक्षित युवाओं के सामने रोजगार की चुनौती को प्रतीकात्मक रूप से सामने रखा।
लगातार बारिश के बावजूद मनोज कुमार कार्यक्रम स्थल पहुंचे और राहुल गांधी के सामने अपनी बात रखने की उम्मीद जताई। उनका यह तरीका कार्यक्रम में मौजूद छात्रों, युवाओं और अन्य लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
राहुल गांधी शुक्रवार को छात्रों और युवाओं से संवाद करने के लिए देहरादून पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस के दिवंगत वरिष्ठ कार्यकर्ता अमर मेहता के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और परिवार को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
उल्लेखनीय है कि अमर मेहता की मृत्यु कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान हुए एक हादसे में हुई थी। जर्मन हैंगर स्ट्रक्चर लगाए जाने के दौरान एल्युमिनियम का एक खंभा उनके सिर पर गिर गया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल हुए। आयोजन का मुख्य विषय नीट, सीबीएसई और अन्य भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक तथा युवाओं से जुड़े मुद्दों पर संवाद रहा। कांग्रेस ने इस कार्यक्रम को युवाओं से संवाद और शिक्षा व रोजगार संबंधी विषयों पर चर्चा के मंच के रूप में प्रस्तुत किया।



Post Comment