मसूरी–देहरादून मार्ग पर भूस्खलन का खतरा बरकरार, कोल्हूखेत के पास सड़क धंसने से बढ़ी चिंता
मसूरी। लगातार हो रही बारिश के कारण मसूरी–देहरादून मार्ग पर कोल्हूखेत स्थित पानीवाला बैंड के पास सड़क का एक हिस्सा धंस गया है। सड़क पर गहरी दरारें पड़ने से भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। फिलहाल मार्ग पर वाहनों की आवाजाही जारी है, लेकिन सड़क की स्थिति को देखते हुए किसी भी समय बड़ा हिस्सा धंसने की आशंका बनी हुई है।
बारिश का सिलसिला कई दिनों से जारी रहने के कारण सड़क की स्थिरता प्रभावित हुई है। वाहन चालकों को इस मार्ग से गुजरते समय विशेष सावधानी बरतनी पड़ रही है। यदि बारिश लगातार जारी रही तो सड़क को और अधिक नुकसान पहुंच सकता है, जिससे मसूरी और देहरादून के बीच यातायात बाधित होने की संभावना है।
स्थानीय निवासी धर्मेंद्र सिंह और गौरव रावत ने संबंधित विभाग से सड़क की जल्द स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।
लगातार बारिश के चलते मसूरी के कई हिस्सों में छोटे-छोटे भूस्खलन भी हो रहे हैं। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों की चिंता भी बढ़ गई है। मौसम में ठंडक बढ़ने से सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।
बारिश का असर शहर की दैनिक गतिविधियों पर भी दिखाई दे रहा है। बाजारों में सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ है और कई निर्माण कार्य भी प्रभावित हुए हैं।
लोक निर्माण विभाग (PWD) के सहायक अभियंता शिवराज सिंह लोधियाल ने बताया कि सड़क पर दरार आने की जानकारी विभाग को है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Post Comment