टोंस नदी में गिरी बाइक, एक व्यक्ति लापता; दूसरे को सुरक्षित बचाया गया
त्यूणी (देहरादून),
देहरादून जिले के त्यूणी क्षेत्र में सोमवार रात सैंज गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पेट्रोल भरवाकर लौट रहे दो लोगों की बाइक अनियंत्रित होकर टोंस नदी में जा गिरी। हादसे में बाइक चला रहे रिशाणु गांव निवासी कुमरेश सिगटा (45) तेज बहाव में लापता हो गए, जबकि उनके साथ सवार दूसरे व्यक्ति को सुरक्षित बचा लिया गया।
पुलिस के अनुसार, सामने से आ रहे वाहन की तेज रोशनी के कारण चालक ने बाइक को सड़क किनारे करने का प्रयास किया। इसी दौरान संतुलन बिगड़ गया और बाइक सीधे टोंस नदी में गिर गई। हादसे के बाद बाइक और पीछे बैठा व्यक्ति जल संस्थान की पाइपलाइन में फंस गए, जिससे रेस्क्यू टीम ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, बाइक चालक नदी के तेज बहाव में बह गए।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और देर रात तक तलाशी अभियान चलाया। लेकिन नदी का बढ़ा हुआ जलस्तर, तेज बहाव और अंधेरा अभियान में बड़ी बाधा बने, जिससे लापता व्यक्ति का कोई पता नहीं चल सका।
पुलिस ने बताया कि लापता व्यक्ति की तलाश के लिए एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने अगले दिन भी संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन जारी रखा।



Post Comment