पहली ही मानसूनी बारिश में धंसी ₹16 करोड़ की
देहरादून के नंदा की चौकी के पास लगभग ₹16 करोड़ की लागत से निर्मित नए पुल की एप्रोच रोड पहली ही मानसूनी बारिश में क्षतिग्रस्त हो गई। सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंसने से गहरा गड्ढा बन गया, जिसके चलते पुल पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई।
इस घटना ने हाल ही में पूर्ण हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने पुल पर यातायात बंद कर दिया है। वहीं, रेंजर्स ग्राउंड क्षेत्र में जलभराव के कारण भी लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इसी बीच उत्तराखंड में मानसून फिर से सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ क्षेत्रों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया है। देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधमसिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे न जाने और मौसम संबंधी अपडेट पर लगातार नजर बनाए रखने की अपील की है। विभाग के अनुसार, प्रदेश में 2 अगस्त तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।



Post Comment