×

लगातार बारिश से गंगा का जलस्तर चेतावनी रेखा के पार, प्रशासन अलर्ट

लगातार बारिश से गंगा का जलस्तर चेतावनी रेखा के पार, प्रशासन अलर्ट

ऋषिकेश, 31 जुलाई। पहाड़ों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर मैदानी क्षेत्रों में भी दिखाई देने लगा है। ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर शुक्रवार सुबह चेतावनी रेखा से 18 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया, जिससे जिला प्रशासन और राहत-बचाव एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं।

प्रशासन के निर्देश पर एसडीआरएफ, जल पुलिस और आपदा राहत दल की संयुक्त टीमें त्रिवेणी घाट, परमार्थ घाट, स्वर्गाश्रम घाट, रामझूला और लक्ष्मणझूला सहित प्रमुख घाटों पर तैनात की गई हैं। सुरक्षा के लिए गोताखोरों की तैनाती, लाइफ जैकेट और रस्सियों की व्यवस्था की गई है। साथ ही लाउडस्पीकर और मुनादी के माध्यम से लोगों से नदी किनारे न जाने तथा तेज बहाव में स्नान न करने की अपील की जा रही है।

सावन माह में चल रही कांवड़ यात्रा के कारण क्षेत्र में श्रद्धालुओं की संख्या भी काफी अधिक है। हरिद्वार से लाखों कांवड़िए ऋषिकेश होते हुए नीलकंठ और अन्य शिवालयों की ओर जा रहे हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी से निर्धारित स्थानों पर ही स्नान करने और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

सिंचाई विभाग के अनुसार यदि पहाड़ों में बारिश का सिलसिला जारी रहा, तो गंगा का जलस्तर खतरे के निशान 340.50 मीटर को भी पार कर सकता है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दलों को तैयार रखा गया है।

Post Comment