×

देहरादून: अपहरण की कहानी निकली झूठी, मां ने ही डेढ़ लाख रुपये में बेटी का किया सौदा; चार गिरफ्तार

देहरादून: अपहरण की कहानी निकली झूठी, मां ने ही डेढ़ लाख रुपये में बेटी का किया सौदा; चार गिरफ्तार

देहरादून। राजपुर क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी के कथित अपहरण मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि किशोरी की मां ने ही उसे शादी के उद्देश्य से डेढ़ लाख रुपये में बेच दिया था। सौदे की पूरी रकम न मिलने पर महिला ने बेटी के अपहरण की झूठी शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस के अनुसार, महिला ने राजपुर थाने में अपनी नाबालिग बेटी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने किशोरी का सुराग उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में लगाया और उसे सकुशल बरामद कर लिया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों, मनीष और लवी कुमार, को गिरफ्तार किया। पूछताछ में लवी कुमार ने बताया कि उसने किशोरी को उसकी मां से डेढ़ लाख रुपये में खरीदा था। बाद में उसने किशोरी को दो लाख रुपये में मनीष को बेच दिया, जिसने उससे विवाह करने के उद्देश्य से यह सौदा किया था।

दोनों आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मुजफ्फरनगर से पिंकी मलिक और देहरादून के सहस्त्रधारा रोड स्थित आईटी पार्क क्षेत्र से नीलम देवी को भी गिरफ्तार कर लिया। इस तरह मामले में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ पॉक्सो अधिनियम की गंभीर धाराएं भी जोड़ दी हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post Comment