कांवड़ यात्रा 2026: हरिद्वार में उमड़ा आस्था का सैलाब, 76 लाख से अधिक शिवभक्त भर चुके गंगाजल
हरिद्वार। कांवड़ यात्रा 2026 के दौरान धर्मनगरी हरिद्वार में शिवभक्तों का जनसैलाब लगातार उमड़ रहा है। मेले के चौथे दिन रविवार को करीब 31.50 लाख श्रद्धालु पवित्र गंगाजल भरकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। यात्रा शुरू होने से अब तक 76.85 लाख से अधिक कांवड़िए हरिद्वार से गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों के लिए प्रस्थान कर चुके हैं।
रविवार तड़के से देर रात तक हरकी पैड़ी और अन्य घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। कांवड़ पटरी मार्ग के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी बड़ी संख्या में शिवभक्तों की आवाजाही जारी रही। प्रशासन का अनुमान है कि अगले एक सप्ताह में श्रद्धालुओं की संख्या करोड़ों तक पहुंच सकती है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर के अनुसार, 2 अगस्त की शाम छह बजे तक कुल 76.85 लाख श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लेकर रवाना हो चुके हैं। अगले दो दिनों में भी भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।
मेला क्षेत्र में पुलिस और अर्धसैनिक बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। मेला कंट्रोल रूम से लगातार भीड़ और यातायात की मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु बनी रहे।
हाल ही में हुए दो बड़े हादसों के मद्देनजर जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित स्नान स्थलों का ही उपयोग करने और तय कांवड़ मार्गों पर ही यात्रा करने की अपील की है। सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने के लिए लगातार जागरूकता संदेश भी प्रसारित किए जा रहे हैं।
इस बार कांवड़ यात्रा में कई आकर्षक और संदेशवाहक कांवड़ भी श्रद्धालुओं का ध्यान खींच रही हैं। बागपत से आए शिवभक्त 251 फीट लंबी और 11 फीट चौड़ी तिरंगा कांवड़ लेकर हरिद्वार से रवाना हुए, जो श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रही। इस कांवड़ के माध्यम से राष्ट्रभक्ति और नशामुक्ति का संदेश भी दिया गया।



Post Comment