युवाओं को मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी, लक्ष्य के लिए संकल्प लेकर आगे बढ़ें: सीएम धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम में विद्यार्थियों से संवाद किया। कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम के जरिए ढाई लाख से अधिक युवा जुड़े।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले समय में देश और प्रदेश के विकास की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर होगी। युवा अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का उपयोग करते हुए देश निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि कोई युवा उद्यमी बनेगा, कोई डॉक्टर, किसान या शिक्षक बनकर समाज और राष्ट्र की सेवा करेगा।
सीएम धामी ने युवाओं से अपने आसपास की समस्याओं के समाधान के लिए नए विचारों के साथ आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने परिवहन व्यवस्था और स्वच्छता जैसे क्षेत्रों में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में अभिभावकों की भूमिका बेहद अहम है। यदि बच्चे गलत दिशा में जा रहे हैं तो उन्हें सही मार्गदर्शन और अच्छे संस्कार देने की जिम्मेदारी परिवार की भी है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के शिकागो भाषण का उल्लेख करते हुए भारतीय संस्कृति और देश की पहचान को दुनिया तक पहुंचाने की प्रेरणा दी।
उन्होंने युवाओं को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी। सीएम ने कहा कि जिस प्रकार धार्मिक अनुष्ठानों से पहले संकल्प लिया जाता है और वही संकल्प सफलता का आधार बनता है, उसी तरह युवाओं को भी अपने जीवन के लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध रहना चाहिए। लक्ष्य तय करने के बाद बार-बार विकल्प तलाशने से ध्यान भटक सकता है। इसलिए मिशन की भावना के साथ लगातार प्रयास करना जरूरी है।
नशे को लेकर युवाओं ने उठाए सवाल
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नशे की बढ़ती समस्या को लेकर मुख्यमंत्री से सवाल किए। युवाओं ने कहा कि कई मोहल्लों और स्कूलों के आसपास शराब और नशीले पदार्थों की बिक्री की शिकायतें सामने आती हैं। उन्होंने नशे की दुकानों और ड्रग्स माफिया पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
कुछ छात्राओं ने पहाड़ी क्षेत्रों में शादी समारोहों में शराब परोसे जाने और शराब की उपलब्धता पर भी चिंता जताई। विद्यार्थियों ने प्रदेश में नशे पर रोक लगाने के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए कौशल विकास और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने भविष्य के लिए उपयोगी कौशल सीखने चाहिए, जिससे वे अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगा सकें।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रदेश के युवा आने वाले समय में उत्तराखंड और देश का नाम रोशन करेंगे।



Post Comment