आज भी बदला रहेगा मौसम का मिजाज; कई जिलों में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट
देहरादून। उत्तराखंड में दो दिन की राहत के बाद एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में दिनभर बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मैदानी इलाकों में कई जगह जलभराव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विज्ञान केंद्र ने 15 अगस्त को भी प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
शुक्रवार को तड़के शुरू हुई बारिश देर शाम तक जारी रही। देहरादून में सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक 7.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण दून का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम होकर 27.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
पिथौरागढ़-बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, 15 अगस्त को पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए दोनों जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
पिथौरागढ़ में शुक्रवार को प्रदेश में सबसे अधिक 61.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश को देखते हुए पहाड़ी क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।
इन जिलों में येलो अलर्ट
देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, नैनीताल और चंपावत जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है।
20 अगस्त तक ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आने वाले दिनों में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है। 20 अगस्त तक राज्यभर में बारिश का दौर जारी रह सकता है। पहाड़ी जिलों में भारी बारिश के दौरान भूस्खलन और सड़क अवरुद्ध होने जैसी समस्याओं का खतरा बना रह सकता है।



Post Comment