×

उत्तराखंड खेल विभाग की वेबसाइट बंद, कई योजनाएं प्रभावित; कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

उत्तराखंड खेल विभाग की वेबसाइट बंद, कई योजनाएं प्रभावित; कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

देहरादून। उत्तराखंड के खेल विभाग की वेबसाइट और डिजिटल पोर्टल का संचालन करने वाली कंपनी द्वारा कथित तौर पर बिना अनुमति एक्सेस और क्रेडेंशियल बदलने का मामला सामने आया है। इसके चलते मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी, मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना और डिजिटल यूथ फेस्टिवल समेत कई महत्वपूर्ण योजनाओं का काम प्रभावित हुआ है।

मामले में खेल विभाग के नोडल अधिकारी आईटी सेल आदर्श पंत ने रायपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायत में खेब टेक स्ट्राटेजी प्राइवेट लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंशुल बगई पर आरोप लगाए गए हैं।

विभाग का डिजिटल सिस्टम पर नियंत्रण बाधित

शिकायत के अनुसार, निविदा की शर्तों के तहत कंपनी को खेल विभाग के वेब पोर्टल और मोबाइल ऐप को विकसित करने और उनका संचालन करने की जिम्मेदारी दी गई थी। इसी वजह से कंपनी के पास पोर्टल के आवश्यक यूजर आईडी, पासवर्ड और अन्य एक्सेस मौजूद थे।

आरोप है कि बाद में कंपनी ने विभाग की सहमति या पूर्व सूचना के बिना इन क्रेडेंशियल और एक्सेस को बदल दिया या बंद कर दिया। इससे विभाग का अपने ही डिजिटल सिस्टम पर नियंत्रण प्रभावित हुआ और सरकारी योजनाओं के संचालन में तकनीकी बाधा उत्पन्न हो गई।

लाखों खिलाड़ियों के डाटा को लेकर भी चिंता

मामले में लाखों बच्चों और खिलाड़ियों के डाटा की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, डाटा चोरी हुआ है या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

रायपुर के एसओ संजीत कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में यह देखा जा रहा है कि कंपनी को पोर्टल और ऐप का एक्सेस किन शर्तों पर दिया गया था और क्या कंपनी को विभाग की अनुमति के बिना एक्सेस बदलने या बंद करने का अधिकार था।

पुलिस यह भी जांच रही है कि एक्सेस वास्तव में बिना अनुमति और जानबूझकर बंद किया गया था या नहीं।

 

Previous post

उत्तराखंड में 3.50 लाख से अधिक खिलाड़ियों का डाटा खतरे में, कंपनी ने बदले पोर्टल के आईडी-पासवर्ड

Next post

हल्द्वानी-कालभाग की कालाढूंगी रेंज के अंतर्गत हनुमान मंदिर के पास हल्द्वानी-कालाढूंगी-रामनगर हाईवे पर सड़क हादसे में एक तेंदुए की मौत होाढूंगी हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से तेंदुए की मौत

Post Comment