×

अल्मोड़ा में 66 वर्षीय महिला की हत्या, 95 वर्षीय मां भी घायल

अल्मोड़ा में 66 वर्षीय महिला की हत्या, 95 वर्षीय मां भी घायल

अल्मोड़ा । अल्मोड़ा  जिले के स्याल्दे विकासखंड के बसई (रतखेत) गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। पुलिस के अनुसार, 70 वर्षीय राजे सिंह का पड़ोस में रहने वाली 66 वर्षीय तुलसी देवी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि राजे सिंह ने दराती और पत्थरों से तुलसी देवी पर हमला कर दिया।

गंभीर रूप से घायल तुलसी देवी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्याल्दे ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव और कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए हथियार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

बताया गया है कि तुलसी देवी करीब 40 वर्षों से अपने मायके में रह रही थीं और अपनी 95 वर्षीय मां धनुली देवी की देखभाल करती थीं। घटना के दौरान जब धनुली देवी अपनी बेटी को बचाने पहुंचीं, तो उन पर भी हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गईं।

मृतका के भाई हरीश चंद्र डुगरियाल ने घटना की सूचना पुलिस और 108 एंबुलेंस को दी। पुलिस के अनुसार, मामले में तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी

Post Comment