गांव की सरकार बनाने को उमड़े मतदाता, युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक दिखा जोश
उत्तराखंड । उत्तराखंड के 12 जिलों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण के तहत गुरुवार को मतदान हुआ। कुल 26 लाख से अधिक मतदाताओं ने 17,829 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला ईवीएम में बंद कर दिया। गढ़वाल मंडल के छह जिलों के 26 और कुमाऊं मंडल के छह जिलों के 23 विकासखंडों में मतदान कराया गया।
5823 पोलिंग बूथों पर सुबह से ही लंबी कतारें देखने को मिलीं। युवाओं, बुजुर्गों और दिव्यांग मतदाताओं ने भारी उत्साह के साथ लोकतंत्र के इस पर्व में हिस्सा लिया।
इस चरण में कुल 9731 ग्राम प्रधान, 2247 ग्राम पंचायत सदस्य, 4980 क्षेत्र पंचायत सदस्य और 871 जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए मतदान हुआ। मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ और दिन चढ़ने के साथ इसमें तेजी आई। चार बजे तक 55 प्रतिशत मतदान हो चुका था।
चुनाव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, सतपाल महाराज समेत कई नेताओं ने भी मतदान किया। चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
पिछले पंचायत चुनाव (2019) के मतदान आंकड़े (कुछ प्रमुख जिले):
- ऊधमसिंह नगर: 84.26%
- उत्तरकाशी: 78.43%
- देहरादून: 77.54%
- नैनीताल: 75.07%
- चंपावत: 67.82%
- चमोली: 65.65%
- पिथौरागढ़: 65.54%
- टिहरी: 61.19%
- पौड़ी: 61.79%
- रुद्रप्रयाग: 62.98%
- अल्मोड़ा: 60.04%
- बागेश्वर: 63.99%
इस बार मतदाता संख्या में करीब पांच लाख की बढ़ोतरी हुई है और अनुमान है कि मतदान प्रतिशत 70 से 75 प्रतिशत तक पहुंच सकता है।
दूसरा चरण 28 जुलाई को, मतगणना 31 जुलाई को सुबह 8 बजे से होगी।
Post Comment