महिलाओं तक पहुंचने के लिए भाजपा का कीर्तन-नवरात्र प्लान, मंडल स्तर तक होंगे कार्यक्रम
देहरादून: आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने महिला मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए खास रणनीति तैयार की है। इसके तहत पार्टी ने कीर्तन-नवरात्र प्लान बनाया है, जिसे लागू करने की जिम्मेदारी महिला मोर्चा को दी गई है।
पार्टी की योजना के अनुसार, मंडल स्तर तक होने वाले कीर्तन कार्यक्रमों में महिला मोर्चा सक्रिय रूप से भाग लेगा। इन कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं के साथ भजन-कीर्तन के साथ-साथ सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी भी साझा की जाएगी।
इसके अलावा नवरात्र के दौरान हर दिन अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही हरियाली तीज जैसे त्योहार भी महिलाओं के साथ मिलकर मनाए जाएंगे। इन सभी आयोजनों का उद्देश्य महिलाओं के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाना है।
आंकड़ों के अनुसार, उत्तराखंड में कुल 84,29,459 मतदाताओं में से 40,64,488 महिला मतदाता हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में महिला मतदाताओं ने भाजपा की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। इसी कारण पार्टी 2027 के चुनाव को देखते हुए महिला मतदाताओं पर विशेष ध्यान दे रही है।
बजट में भी महिलाओं पर जोर
राज्य सरकार ने इस वर्ष के बजट में भी महिलाओं से जुड़ी योजनाओं पर खास ध्यान दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा पेश बजट में जेंडर बजट को बढ़ाकर 19,692.02 करोड़ रुपये कर दिया गया है, जो पिछले साल की तुलना में अधिक है। इसमें महिलाओं की सुरक्षा, विकास और पोषण से जुड़ी योजनाओं को शामिल किया गया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अनुसार, आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए महिला मोर्चा को त्योहारों से जुड़े कार्यक्रमों की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि सरकार की योजनाओं और कामों की जानकारी महिलाओं तक सही तरीके से पहुंचाई जा सके।



Post Comment