×

भाजपा नेता हत्याकांड: पुलिस ने एक और आरोपी को किया गिरफ्तार, अब तक पांच गिरफ्तार

भाजपा नेता हत्याकांड: पुलिस ने एक और आरोपी को किया गिरफ्तार, अब तक पांच गिरफ्तार

विकासनगर (देहरादून): भाजपा नेता विनोद कुमार की हत्या के बाद सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में हुए बवाल और हत्या मामले में पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने सोमवार को एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अब तक इस मामले में कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, 13 जून की शाम बैरागीवाला गांव में खेत में पानी चलाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान एक पक्ष के कई लोगों ने विनोद कुमार, अशोक कुमार और राजेश कुमार के साथ मारपीट की। घटना में तीनों घायल हो गए थे, जिन्हें ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान विनोद कुमार की मृत्यु हो गई।

मृतक के भाई अशोक कुमार की शिकायत पर सहसपुर कोतवाली में हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गईं।

पुलिस ने 14 जून को कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों—रज्जाक, सलमान, जावेद और शहबाज—को गिरफ्तार किया था। इसके बाद सोमवार को फरार चल रहे आरोपी इम्तियाज पुत्र शमसुद्दीन निवासी लखनवाला, सहसपुर को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य नामजद आरोपियों और घटना से जुड़े लोगों की तलाश लगातार जारी है तथा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Post Comment