×

उत्तराखंड में मानसून सक्रिय, कई जिलों में आज बारिश का अलर्ट

उत्तराखंड में मानसून सक्रिय, कई जिलों में आज बारिश का अलर्ट

देहरादून, 6 जुलाई। उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने सोमवार को भी राज्य के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है। देहरादून, हरिद्वार सहित अधिकांश जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि बागेश्वर जिले में भारी वर्षा की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

विभाग के अनुसार, कई स्थानों पर तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।

मौसम विभाग ने यह भी बताया कि 7 से 11 जुलाई के बीच पूरे प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां और तेज हो सकती हैं, जिससे अधिकांश क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश होने के आसार हैं।

रविवार को देहरादून के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। राजपुर रोड सहित कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश हुई, जबकि शहर के कुछ हिस्से सूखे रहे। पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहने से तापमान सामान्य से नीचे रहा और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली। मौसम सुहावना होने के कारण पार्कों और बाजारों में लोगों की आवाजाही भी बढ़ी।

लगातार सक्रिय मानसून को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने और मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी है।

Post Comment