घास लेने गई बुजुर्ग महिला पर गुलदार का हमला, दरांती से मुकाबला कर बचाई जान
अगस्त्यमुनि (रुद्रप्रयाग): विकासखंड अगस्त्यमुनि के पठालीधार क्षेत्र के कोटी गांव में घास काटने गई 64 वर्षीय महिला पर गुलदार ने अचानक हमला कर दिया। महिला ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए हाथ में मौजूद दरांती से गुलदार पर लगातार वार किए, जिससे वह जंगल की ओर भाग गया और महिला की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, नारायणी देवी बुधवार सुबह लगभग 11:45 बजे मवेशियों के लिए घास लेने जंगल गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। हमले के बावजूद महिला ने हिम्मत नहीं हारी और दरांती से जवाबी हमला किया। उनके साहस के आगे गुलदार पीछे हट गया और मौके से भाग निकला।
इस घटना में महिला के हाथ और पैरों में चोटें आईं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य बताई गई।
महिला के बेटे पंकज सिंह ने बताया कि उनके क्षेत्र में इस तरह की यह पहली घटना है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। उन्होंने कहा कि गांव के अधिकांश परिवार पशुपालन पर निर्भर हैं और रोजाना जंगल से घास लाने जाते हैं। ऐसे में गुलदार की मौजूदगी लोगों के लिए गंभीर खतरा बन गई है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, गुलदार की निगरानी करने और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।



Post Comment