सहसपुर से चुनाव लड़ेंगे हरक सिंह रावत? सीएम धामी और भाजपा अध्यक्ष को दी चुनौती
देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत ने सहसपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी की बात कही है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को सहसपुर से चुनाव लड़ने की चुनौती दी है।
हरक सिंह रावत ने रविवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि वह सहसपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा उनके खिलाफ झूठा प्रचार कर रही है और उनके खिलाफ ऐसे लोगों से बयान दिलाए जा रहे हैं, जो प्रधान का चुनाव तक नहीं जीत सकते।
उन्होंने मुख्यमंत्री धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को चुनौती देते हुए कहा कि दोनों सहसपुर से चुनाव लड़कर दिखाएं।
हालांकि, हरक सिंह रावत ने यह भी स्पष्ट किया कि अभी किसी प्रत्याशी का टिकट अंतिम रूप से तय नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान जिसे टिकट देगा, सभी कांग्रेस कार्यकर्ता उसी प्रत्याशी की जीत के लिए काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए प्रत्याशी का चेहरा महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि कांग्रेस का चुनाव चिह्न ही प्रत्याशी होना चाहिए।



Post Comment