हरीश रावत ने खानपुर-लक्सर सीट से चुनाव लड़ने की जताई इच्छा, फैसला प्रदेश नेतृत्व पर छोड़ा
देहरादून। उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने आगामी विधानसभा चुनाव में खानपुर, लक्सर या आसपास की किसी सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव लड़ने का अंतिम निर्णय प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व को करना है। पार्टी यदि उन्हें चुनाव मैदान में उतारना चाहती है तो वह इसके लिए तैयार हैं, लेकिन टिकट नहीं मिलने की स्थिति में भी कांग्रेस को सत्ता में लाने के लिए सक्रिय रूप से काम करेंगे।
दिल्ली से लौटने के बाद हरीश रावत ने राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से हुई मुलाकात को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि दोनों राष्ट्रीय नेताओं के साथ उत्तराखंड की राजनीतिक परिस्थितियों और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। हालांकि, इस बैठक में उनके स्वयं चुनाव लड़ने को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
खानपुर और लक्सर क्षेत्र से चुनाव लड़ने की इच्छा
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
हरीश रावत ने कहा कि वह पहले भी अपनी मंशा जाहिर कर चुके हैं कि उन्हें किसी पद की व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा नहीं है। चुनाव लड़ने या नहीं लड़ने का फैसला प्रदेश कांग्रेस को करना है। उन्होंने खानपुर और लक्सर क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां के लोगों की इच्छा है कि वह एक बार उस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करें। इसी वजह से उन्होंने हरिद्वार जिले की खानपुर, लक्सर अथवा आसपास की किसी सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने साफ किया कि यदि पार्टी नेतृत्व उन्हें चुनाव लड़ने के लिए कहता है तो वह चुनाव मैदान में उतरेंगे। वहीं, यदि पार्टी उन्हें चुनाव नहीं लड़ाना चाहती है, तब भी वह कांग्रेस की जीत के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे। उनके इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के भीतर उनकी भूमिका और चुनावी रणनीति के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कांग्रेस को कम से कम 45 सीटें दिलाने का रोडमैप
दिल्ली में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के साथ हुई बैठक में हरीश रावत ने उत्तराखंड में कांग्रेस को सत्ता में लाने के लिए रणनीतिक सुझाव रखे। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को कम से कम 45 सीटें जीतने का लक्ष्य हासिल करने के लिए रोडमैप प्रस्तुत किया। उनके अनुसार, प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों, स्थानीय मुद्दों और जनता की अपेक्षाओं को ध्यान में रखकर कांग्रेस को चुनावी तैयारी करनी होगी।
हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस को स्थानीय मुद्दों पर अधिक आक्रामक रुख अपनाने और जनता के बीच मजबूती से जाने की जरूरत है। उन्होंने संकेत दिया कि आगामी चुनाव में जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को केंद्र में रखकर पार्टी को अपनी रणनीति तैयार करनी चाहिए।
राष्ट्रीय नेताओं से फिर करेंगे मुलाकात
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वह जल्द ही कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं से एक बार फिर मुलाकात करेंगे। उनका मानना है कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी को समय रहते रणनीति तैयार करनी होगी और संगठन को मजबूत बनाने के साथ जनता के बीच सक्रियता बढ़ानी होगी।
हरीश रावत के खानपुर और लक्सर क्षेत्र से चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर करने के बाद अब राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, उनकी उम्मीदवारी पर अंतिम फैसला प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व और पार्टी की चुनावी रणनीति के तहत ही होगा। फिलहाल हरदा ने चुनाव लड़ने की इच्छा के साथ-साथ पार्टी के निर्णय का सम्मान करने और कांग्रेस को सत्ता में लाने के लिए काम करने का संदेश दिया है।




Post Comment