दूसरे राज्यों के चुनाव में जुटे उत्तराखंड भाजपा नेता, सीएम धामी बनेंगे स्टार प्रचारक
देहरादून: उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता अब अन्य राज्यों के विधानसभा चुनावों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी पश्चिम बंगाल, असम और केरल जैसे राज्यों में बूथ प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी जल्द ही इन चुनावी राज्यों में बतौर स्टार प्रचारक पहुंचेंगे और जनसभाओं को संबोधित करेंगे। पार्टी के अनुसार, उत्तराखंड भाजपा की बूथ प्रबंधन क्षमता को केंद्रीय नेतृत्व पहले भी सराह चुका है, इसी कारण इस बार भी राज्य के नेताओं को अन्य राज्यों में जिम्मेदारी दी गई है।
प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत सहित युवा मोर्चा के 20 पदाधिकारियों को भेजा गया है। वहीं असम में 15 सदस्यीय टीम तैनात की गई है और केरल के लिए भी एक पदाधिकारी को जिम्मेदारी दी गई है।
उन्होंने कहा कि बूथ प्रबंधन में दक्षता के चलते उत्तराखंड की टीमों को चुनावी राज्यों में विशेष रूप से लगाया जा रहा है। जल्द ही मुख्यमंत्री धामी पश्चिम बंगाल और असम में चुनाव प्रचार करेंगे।
इसके अलावा भाजपा आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की तैयारियों में भी जुटी हुई है। मुख्यमंत्री धामी की मौजूदगी में विधायकों और मंत्रियों की कार्यशाला आयोजित की जा चुकी है। अब बूथ लेवल एजेंट (BLA) और पन्ना प्रमुखों के प्रशिक्षण के लिए जिला स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं, जिन्हें इस प्रक्रिया में अहम भूमिका निभानी होगी।



Post Comment