जन्मदिन मनाकर लौट रहे युवकों की स्कूटी ट्रक से टकराई, एक गंभीर घायल
बख गांव। बख गांव निवासी संदीप आर्या और उनके साथी विजय कुमार के साथ सड़क हादसा हो गया। दोनों युवक बेस क्षेत्र से जलालबैंड की ओर स्कूटी से जा रहे थे। तभी कॉलेज गेट के पास मोड़ पर स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और वह सामने से आ रहे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई।
हादसा इतना भीषण था कि संदीप आर्या को सिर, चेहरे और पैर में गंभीर चोटें आईं। डॉक्टरों के अनुसार उनका एक पैर फ्रैक्चर हो गया है। वहीं विजय कुमार को पैर और छाती में हल्की चोटें लगीं।
दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आसपास मौजूद युवाओं ने तुरंत दोनों घायलों को बेस अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद विजय कुमार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि संदीप की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार स्कूटी तेज रफ्तार में थी और दोनों युवकों ने हेलमेट भी नहीं पहना था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मोड़ पर अचानक नियंत्रण बिगड़ने के कारण यह हादसा हुआ, जिससे चालक के सिर पर गंभीर चोट लगी।
बताया जा रहा है कि विजय कुमार का जन्मदिन था। दोनों युवक होटल में जन्मदिन मनाकर लौट रहे थे, लेकिन खुशियों भरा यह सफर अचानक दर्दनाक हादसे में बदल गया।
Post Comment