×

पहाड़ की महिलाएं डिजिटल दुनिया में आगे, तीन साल में 12% बढ़ा मोबाइल फोन का उपयोग

पहाड़ की महिलाएं डिजिटल दुनिया में आगे, तीन साल में 12% बढ़ा मोबाइल फोन का उपयोग

देहरादून। उत्तराखंड की महिलाएं डिजिटल तकनीक को तेजी से अपना रही हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएचएस-6) की रिपोर्ट के अनुसार राज्य में 72 प्रतिशत महिलाएं मोबाइल फोन का उपयोग कर रही हैं। पिछले तीन वर्षों में यह आंकड़ा 12 प्रतिशत बढ़ा है, जो महिलाओं की बढ़ती डिजिटल पहुंच और सशक्तीकरण को दर्शाता है।

सर्वेक्षण में 15 से 49 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं के स्वास्थ्य और सामाजिक-आर्थिक स्थिति का आकलन किया गया। रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2019-21 में जहां लगभग 61 प्रतिशत महिलाएं मोबाइल फोन का उपयोग करती थीं, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 72 प्रतिशत हो गई है। शहरी क्षेत्रों में 77.3 प्रतिशत और ग्रामीण क्षेत्रों में 70.4 प्रतिशत महिलाओं के पास मोबाइल फोन उपलब्ध है।

विशेषज्ञों का मानना है कि मोबाइल फोन महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, सरकारी योजनाओं और सामाजिक संपर्क से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। डिजिटल पहुंच बढ़ने से महिलाओं की जानकारी तक पहुंच आसान हुई है और वे विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं का लाभ भी उठा रही हैं।

रिपोर्ट में वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में भी सकारात्मक बदलाव सामने आए हैं। राज्य की 91 प्रतिशत महिलाओं के बैंक में बचत खाते हैं, जबकि तीन साल पहले यह आंकड़ा 80.2 प्रतिशत था। इससे महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता और वित्तीय सुरक्षा मजबूत हुई है तथा उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे प्राप्त करने में सुविधा मिल रही है।

पर्वतीय क्षेत्रों में मोबाइल फोन के बढ़ते उपयोग के पीछे बेहतर संचार सुविधाएं और इंटरनेट कनेक्टिविटी को प्रमुख कारण माना जा रहा है। अब दूरदराज के इलाकों तक 5जी सेवाएं पहुंच रही हैं, जिससे महिलाओं की डिजिटल साक्षरता और सूचना तक पहुंच में सुधार हुआ है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से भी महिलाएं स्थानीय उत्पादों के कारोबार से जुड़कर डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर रही हैं।

यह बदलाव उत्तराखंड की महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और डिजिटल सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Previous post

ऊर्जा संकट के बीच धामी सरकार का बड़ा फैसला: बिजली दफ्तरों में एसी पर नियंत्रण, अफसरों को करना होगा कारपूल

Next post

उत्तराखंड में आज भी बदला रहेगा मौसम, पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के आसार; आंधी-तूफान का येलो अलर्ट

Post Comment